भिलाई नगर निगम ने BSP को 228 करोड़ रुपये प्रॉपर्टी टैक्स का भेजा नोटिस, 30 दिन में भुगतान का अल्टीमेटम

भिलाई से एक बड़ी खबर सामने आई है जहां नगर निगम ने भिलाई स्टील प्लांट (BSP) को 228 करोड़ रुपये की संपत्ति कर राशि चुकाने का नोटिस जारी किया है। यह राशि वर्ष 2024-25 के लिए निर्धारित की गई है और निगम द्वारा BSP को इसे भरने के लिए 30 दिनों का समय दिया गया है। यदि इस अवधि में राशि जमा नहीं की जाती, तो निगम द्वारा आगे की सख्त कार्रवाई की जा सकती है। इस बीच, नगर निगम ने टाउनशिप और संयंत्र परिसर की सम्पत्ति का विस्तृत ड्रोन सर्वे करवाने की भी योजना बनाई है, जिसमें IIT भिलाई की मदद ली जा सकती है।
गौरतलब है कि यह मामला पूरी तरह नया नहीं है। वर्ष 2019 में भी निगम ने BSP को टैक्स अनियमितताओं के चलते कुर्की का नोटिस जारी किया था, जो फिलहाल उच्च न्यायालय बिलासपुर में लंबित है। इस पुराने विवाद के बीच अब एक बार फिर नया नोटिस चर्चा का विषय बन गया है।
RTI के तहत BSP प्रबंधन ने करीब 6000 पेज की जानकारी जुटाई है, जिससे साफ है कि इस विवाद को लेकर दोनों पक्षों की तैयारी गंभीर है। नगर निगम का आरोप है कि BSP ने अपने स्वामित्व वाली कई व्यावसायिक संपत्तियों — जैसे अस्पताल, स्कूल, पार्क और केंद्रीय सुरक्षाबलों के आवासीय परिसर — का उल्लेख हलफनामे में नहीं किया है। निगम का कहना है कि जब इनसे आय अर्जित की जा रही है, तो उन पर कर देनदारी भी बनती है।
अब तक कई बार बैठकें कर निगम प्रशासन और BSP के बीच समाधान निकालने की कोशिश की गई, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाया। पुराने मामले के साथ-साथ नया कर विवाद अब फिर से चर्चा में है और देखना होगा कि आगामी दिनों में इस पर क्या रुख अपनाया जाता है।