ग्रेटर नोएडा: दहेज के लिए पत्नी को जिंदा जलाने वाले आरोपी का एनकाउंटर, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

ग्रेटर नोएडा में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहाँ पत्नी को आग के हवाले करने वाले आरोपी पति विपिन भाटी पर पुलिस ने एनकाउंटर किया। पुलिस के मुताबिक, मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस की पिस्टल छीनने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिससे आरोपी के पैर में चोट लगी। वर्तमान में उसे अस्पताल में भर्ती कर इलाज चल रहा है।
यह घटना उस समय सुर्खियों में आई जब पीड़िता निक्की भाटी की मौत दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में हो गई। निक्की की बहन कंचन, जिसकी शादी विपिन के भाई रोहित से हुई है, ने आरोप लगाया कि विपिन और उसकी मां दया ने मिलकर निक्की पर पेट्रोल डालकर आग लगाई। कंचन ने एक वीडियो भी साझा किया है जिसमें ससुराल पक्ष द्वारा हमला साफ दिखाई देता है। फिलहाल निक्की का जेठ रोहित, सास और ससुर फरार हैं।
गोली लगने के बाद मीडिया से बातचीत में आरोपी विपिन ने सफाई दी कि उसने कुछ नहीं किया, बल्कि उसकी पत्नी ने खुद जान दी। उसने कहा, “पति-पत्नी में झगड़े तो हर घर में होते हैं, इसमें कोई बड़ी बात नहीं है।”
पिता की भावुक अपील
मृतका के पिता भिखारी सिंह ने बेटी की मौत पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मेरी बेटी को पूरे परिवार ने मिलकर मार डाला। ऐसे हत्यारों को गोली मार देनी चाहिए और उनका घर ढहा देना चाहिए। मेरी बेटी अपने बेटे की परवरिश के लिए पार्लर चलाती थी, लेकिन ससुराल वालों ने उसे लगातार प्रताड़ित किया और अंततः उसकी जान ले ली।”
दहेज की मांग का आरोप
भिखारी सिंह ने बताया कि उनकी दोनों बेटियों, कंचन और निक्की की शादी दिसंबर 2016 में बिना दहेज के हुई थी। शादी में उन्होंने स्कॉर्पियो गाड़ी और अन्य सामान दिया था। इसके बावजूद ससुराल वाले 35 लाख रुपये की मांग करते रहे। यहां तक कि एक और कार देने के बाद भी उनकी मांगें खत्म नहीं हुईं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटियों को लगातार मारपीट और प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। कई बार पंचायत के जरिए मामले को सुलझाने की कोशिश की गई, लेकिन आरोपी पक्ष अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
बहन का बयान
कंचन ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि गुरुवार शाम लगभग 5:30 बजे उसकी सास दया ने अपने बेटे विपिन के साथ मिलकर निक्की पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। जब निक्की बेहोश हो गई तो उन्होंने उसके गले पर हमला किया। इस दौरान कंचन ने विरोध किया, तो उसे भी पीटा गया। कंचन का कहना है कि घटना के समय उसका पति रोहित और ससुर सत्यवीर भी मौके पर मौजूद थे। पड़ोसियों की मदद से निक्की को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।