LPG Cylinder Big News: उज्जवला योजना के लिए 12,060 करोड़ की मंजूरी, अब ₹300 सस्ता मिलेगा सिलेंडर

LPG Cylinder Big News: केंद्रीय कैबिनेट ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत एलपीजी उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए 12,060 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है। इस स्कीम के अंतर्गत देशभर में 10 करोड़ से ज्यादा लाभार्थियों को सस्ते दाम पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। योजना के तहत पात्र परिवारों को 14.2 किलोग्राम का एलपीजी सिलेंडर सामान्य बाजार दर से ₹300 कम कीमत पर मिलेगा।
योजना का लाभ
सामान्य उपभोक्ताओं को जहां एलपीजी सिलेंडर ₹853 में मिलता है, वहीं उज्जवला योजना के लाभार्थियों को यह सिलेंडर मात्र ₹553 में उपलब्ध कराया जाएगा। यह सब्सिडी प्रति वर्ष अधिकतम 9 सिलेंडरों पर लागू होगी, जबकि 5 किलोग्राम के सिलेंडर पर अनुपातिक छूट दी जाएगी। हर राज्य में कीमत स्थानीय करों और परिवहन लागत के आधार पर अलग-अलग हो सकती है।
योजना का उद्देश्य
2016 में शुरू हुई इस योजना का मकसद गरीब और निम्न-आय वर्ग के परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराना और उनकी रसोई खर्च में राहत देना है। सब्सिडी के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ने पर भी लाभार्थी परिवार बिना आर्थिक बोझ के एलपीजी का उपयोग जारी रख सकते हैं।
तेल कंपनियों को 30,000 करोड़ की राहत
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की तीन तेल विपणन कंपनियों—इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम—को अंडर-रिकवरी की भरपाई के लिए 30,000 करोड़ रुपए की वित्तीय मदद देने का भी फैसला किया है। यह राशि 12 किस्तों में दी जाएगी। इस कदम का उद्देश्य तेल कंपनियों के नुकसान को कम करना, उपभोक्ताओं को मूल्य स्थिरता देना और देश में एलपीजी की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
यह फैसला मौजूदा वैश्विक राजनीतिक परिस्थिति और गैस-तेल क्षेत्र की चुनौतियों को देखते हुए लिया गया है, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं को लगातार सस्ती और उपलब्ध गैस मिलती रहे।